अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026: विजेताओं को कार, स्कूटी व नकद पुरस्कार

जयपुर में अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026 के विजेताओं के लिए भव्य लाइव पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित।

अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026: विजेताओं को कार, स्कूटी व नकद पुरस्कार

राजधानी जयपुर में गुरुवार को अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026 के विजेताओं के लिए एक भव्य और पारदर्शी लाइव पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन मानसरोवर मेट्रो स्टेशन स्थित होटल प्राइम सफारी में फर्स्ट इंडिया एवं भारत 24 के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें प्रतियोगिता से जुड़े विजेताओं, आयोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस विशेष समारोह के अंतर्गत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उनके पूर्व घोषित पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान 3 कार, 5 स्कूटी तथा 22 प्रतिभागियों को ₹11,000-₹11,000 की नकद राशि प्रदान की गई। मंच पर एक-एक कर सभी विजेताओं, रनर-अप्स और विभिन्न सब-टाइटल धारकों को सम्मानित किया गया, जिससे समारोह का माहौल उत्साह और गौरव से भर गया।

आयोजक पवन टांक एवं शो डायरेक्टर कीर्ति टांक ने जानकारी देते हुए बताया कि अनंता मिस इंडिया ग्लैम केवल एक ब्यूटी पेजेंट नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को सही मंच, सम्मान और अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान किए गए सभी वादों को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ निभाने के उद्देश्य से ही इस लाइव पुरस्कार वितरण समारोह एवं प्रेस मीट का आयोजन किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि यह समारोह इस बात का प्रमाण है कि अनंता मिस इंडिया ग्लैम अपने प्रतिभागियों के विश्वास और मेहनत का सम्मान करता है। मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान आयोजन की संपूर्ण प्रक्रिया, चयन प्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि डॉ. एच.सी. गणेशिया, पवन गोयल, राघव गोयल, जेडी माहेश्वरी, शिव सिंह शेखावत, सोहित टेलर, अनुराग रूनवाल एवं प्रशांत पोद्दार उपस्थित रहे, जिन्होंने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए इस आयोजन को प्रेरणादायक बताया।

समारोह को और भी यादगार बनाने के लिए प्रतिभागी मॉडल्स द्वारा डांस, सिंगिंग और मिमिक्री जैसी मनोरंजक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सक्सेस पार्टी का भी उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।

गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय स्तर का यह प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट अनंता मिस इंडिया ग्लैम 2026 अपने भव्य आयोजन, पेशेवर प्रबंधन और अनोखे पुरस्कारों के चलते देशभर में विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। यह मंच न केवल सौंदर्य, बल्कि आत्मविश्वास, प्रतिभा और महिला सशक्तिकरण का भी सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है।