BRICS समिट 400 लोगों को लेकर भारत आ रहे जिनपिंग! ब्रिक्स के जरिए दोस्ती बढ़ाएगा चीन. दिल्ली में आज दिखेगा दुनिया का पावर शो, मोदी-शी मुलाकात पर टिकी सबकी नजर
BRICS Summit 2026 Live: शी जिनपिंग 400 सदस्यीय दल के साथ दिल्ली पहुंचे, पुतिन-पेजेशकियन समेत कई नेता मौजूद। मोदी-शी मुलाकात, व्यापार, डॉलर पर निर्भरता घटाने और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की पूरी अपडेट यहां पढ़ें।
नई दिल्ली में आज 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का औपचारिक आगाज होगा। भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को होने वाली इस बैठक में BRICS के 11 सदस्य देशों के नेता शामिल होंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज भारत पहुंचेंगे। इस समिट पर दुनिया की नजर इसलिए भी है क्योंकि यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, वैश्विक व्यापार तनाव और बदलती विश्व व्यवस्था के बीच BRICS की भूमिका पर अहम चर्चा होनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शी जिनपिंग के साथ प्रस्तावित मुलाकात भी इस सम्मेलन के सबसे महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रमों में शामिल होगी।
*08:09- 400 लोगों को लेकर भारत आ रहे हैं जिनपिंग:*
BRICS सम्मेलन में शामिल होने के लिए चीन का राष्ट्रपति सात साल बाद आज भारत पहुंच रहे हैं। खबर है कि जिनपिंग अपने पूरे लाव लश्कर के साथ राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। सूत्रों की मानें तो चीन के राष्ट्रपति करीब 400 लोगों का प्रतिनिधिमंडल लेकर भारत पहुंच रहे हैं।
*07:29- BRICS समिट के लिए भारत पहुंचे WHO प्रमुख:*
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर उनका भारत आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पोस्ट में लिखा, "18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आगमन पर डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस का हार्दिक स्वागत है। उनकी यह यात्रा साझा प्रगति और समृद्धि के लिए स्वास्थ्य संबंधी मामलों में वैश्विक सहयोग के महत्व को रेखांकित करती है।"
*07:26- क्या है BRICS समिट के मुख्य मुद्दे:*
स्थानीय मुद्राओं में व्यापार: ब्रिक्स देशों के बीच आपसी व्यापार के लिए डॉलर के विकल्प के रूप में राष्ट्रीय मुद्राओं (जैसे रुपया, युआन, रूबल) के इस्तेमाल को बढ़ावा देना।
*ग्लोबल साउथ की आवाज:* विकासशील और अल्पविकसित देशों के आर्थिक व कूटनीतिक हितों को वैश्विक मंचों पर प्रमुखता से उठाना।
*रूस-यूक्रेन और पश्चिम एशिया संकट:* जारी युद्धों और पारस की खाड़ी के तनावों के ग्लोबल सप्लाई पर पड़ रहे असर पर विस्तृत चर्चा।
*ब्रिक्स बैंक (NDB) का विस्तार:* न्यू डेवलपमेंट बैंक के माध्यम से सदस्य देशों में बुनियादी ढांचा और सतत विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय मदद को बढ़ाना।सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई वैश्विक नेताओं, विशेषकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं भी करेंगे।
*07:12 BRICS में शामिल हो रहे वैश्विक नेताओं की पूरी लिस्ट:*
भारत की अध्यक्षता में राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12-13 सितंबर को 18वां ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है। इस सम्मेलन में ब्रिक्स के 11 पूर्ण सदस्य देशों, भागीदार राष्ट्रों और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों के शीर्ष राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
*देश प्रतिनिधि / प्रमुख नेता पद:*
भारत (मेजबान) नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री
चीन शी जिनपिंग राष्ट्रपति
रूस व्लादिमीर पुतिन राष्ट्रपति
दक्षिण अफ्रीका सिमिरिल रामाफोसा राष्ट्रपति
ईरान मसूद पेजेशकियान राष्ट्रपति
मिस्र अब्देल फत्ताह अल-सिसी राष्ट्रपति
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान राष्ट्रपति
इथियोपिया अबिया अहमद प्रधानमंत्री
*ब्राजील लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा / विदेश मंत्री राष्ट्रपति / प्रतिनिधि:*
07:05 AM: पुतिन, पेजेशकियन समेत कई नेता दिल्ली पहुंचे, आज दोपहर 12:25 बजे आएंगे शी जिनपिंग
18वें BRICS शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति कशिम शेट्टीमा, युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबीय अहमद अली समेत कई शीर्ष नेता और प्रतिनिधि दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज 12 सितंबर को दोपहर करीब 12:25 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनके आगमन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना है। चीन ने भी पुष्टि की है कि दोनों देशों के बीच बैठक की तैयारियां चल रही हैं।
*06:55 AM: अमेरिका की व्यापार नीतियों पर BRICS की नजर:*
BRICS वित्त प्रमुखों की बैठक में एकतरफा व्यापार एवं वित्तीय उपायों और टैरिफ पर भी चिंता जताई गई है। समूह का कहना है कि ऐसे कदम वैश्विक व्यापार को प्रभावित कर सकते हैं। यह मुद्दा ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब दुनिया में व्यापारिक तनाव बढ़ा हुआ है। भारत हालांकि BRICS को किसी एक देश या पश्चिम के खिलाफ गठबंधन के रूप में पेश करने के बजाय Global South की आवाज और बहुपक्षीय सहयोग के मंच के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर देता रहा है।
*06:40 AM: BRICS में वैश्विक व्यापार और डॉलर पर निर्भरता घटाने पर जोर:*
BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक प्रमुखों ने वैश्विक वित्तीय संस्थानों में सुधार की जरूरत पर जोर दिया है। समूह ने IMF और विश्व बैंक जैसी संस्थाओं को अधिक प्रतिनिधित्वकारी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की बात कही है। BRICS देशों के बीच तेज, सुरक्षित और कम लागत वाले सीमा-पार भुगतान की व्यवस्था विकसित करना भी एजेंडे में है। भुगतान प्रणालियों की interoperability और डिजिटल मुद्राओं के बीच संभावित सहयोग पर भी चर्चा हो रही है।
*06:30 AM: आज दिल्ली पहुंचेंगे शी जिनपिंग, मोदी से मुलाकात पर दुनिया की नजर:*
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज नई दिल्ली पहुंचेंगे। भारत और चीन के बीच संबंधों में हाल के दिनों में कुछ सुधार के संकेतों के बीच जिनपिंग की भारत यात्रा को अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। दोनों देशों के बीच सीमा, व्यापार और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दे बातचीत के केंद्र में रह सकते हैं। शी जिनपिंग की यह भारत यात्रा करीब सात साल बाद हो रही है। ऐसे में BRICS मंच पर होने वाली मोदी-शी बातचीत को भारत-चीन संबंधों की अगली दिशा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
*06:00 AM: आज से BRICS Summit का मुख्य चरण, भारत मंडपम में जुटेंगे नेता:*
नई दिल्ली में आज से BRICS Leaders’ Summit का मुख्य चरण शुरू होगा। दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन भारत मंडपम में किया जा रहा है। भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और उसकी प्राथमिकता Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability यानी लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता पर केंद्रित है। इस बार BRICS में 11 सदस्य देश हैं- ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया और सऊदी अरब। यह समूह दुनिया की करीब आधी आबादी और PPP के आधार पर लगभग 40 फीसदी वैश्विक GDP का प्रतिनिधित्व करता है।
*05:30 AM: मोदी-पुतिन मुलाकात में व्यापार, ऊर्जा और रक्षा पर चर्चा:*
BRICS Summit से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच नई दिल्ली में अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों नेताओं ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल एवं लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। भारत-रूस व्यापार को 2030 तक 100 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य भी दोनों देशों के व्यापक आर्थिक संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण है। यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के बीच मोदी ने संवाद और कूटनीति के जरिए विवादों के समाधान की भारत की नीति को भी दोहराया है।
*05:00 AM: ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन से भी मोदी की अहम बातचीत:*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। मोदी ने कहा कि सभी मुद्दों का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए होना चाहिए। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के साथ-साथ समुद्री मार्गों, व्यापार और नाविकों की सुरक्षा पर भी जोर दिया। पेजेशकियन की यह भारत की पहली यात्रा है और मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के बीच उनका BRICS सम्मेलन में शामिल होना खास महत्व रखता है।
Akash Pachoury