जयपुर में महिलाओं को मिला अपनी बात और हुनर दिखाने का मंच - रोल मॉडल ओपन माइक का सफल आयोजन

जयपुर में महिलाओं को मिला अपनी बात और हुनर दिखाने का मंच - रोल मॉडल ओपन माइक का सफल आयोजन

जयपुर। महिलाओं को अपनी भावनाएं, अनुभव, संघर्ष और प्रतिभा खुलकर सामने रखने का मंच देने के उद्देश्य से भारत की पावरफुल नारी ग्रुप द्वारा रोल मॉडल ओपन माइक की शुरुआत की गई। इस अनूठे मंच का उद्देश्य महिलाओं को अपनी मन की बात कहने, अपने दुख-दर्द और जीवन के अनुभव साझा करने तथा अपने हुनर को सबके सामने प्रस्तुत करने का अवसर देना है, ताकि उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हो।

मानसरोवर स्थित जंक्शन 14 में आयोजित रोल मॉडल ओपन माइक में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपने जीवन के प्रेरणादायक और भावुक किस्से साझा किए। कुछ महिलाओं ने अपनी गायकी से समां बांधा, तो कुछ ने डांस और अन्य प्रतिभाओं के जरिए अपनी पहचान बनाई। कार्यक्रम में महिलाओं ने रील्स बनाईं, फोटोशूट करवाया और एक-दूसरे के साथ खुशनुमा पल साझा किए।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि महिलाओं को ऐसा सुरक्षित और सकारात्मक मंच देना था, जहां वे बिना झिझक खुद को अभिव्यक्त कर सकें और अपनी पहचान को दुनिया के सामने ला सकें।

कार्यक्रम के अंत में भारत की पावरफुल नारी ग्रुप की ओर से के. के. साल्वी द्वारा सभी प्रतिभागी महिलाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया और आपसी मेलजोल के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

रोल मॉडल ओपन माइक आने वाले समय में उन महिलाओं के लिए एक मजबूत मंच बनने की दिशा में कदम है, जो अपनी कहानी, अपनी आवाज और अपने हुनर को दुनिया के सामने लाना चाहती हैं।