मिस ग्लैम राजस्थान 2026: ग्रैंड फिनाले वीक शुरू
जयपुर में टॉप 40 फाइनलिस्ट की सैश सेरेमनी, 5 अप्रैल को होगा ग्रैंड फिनाले।
जयपुर में ब्लैकरॉक मिस ग्लैम राजस्थान 2026 सीजन 1 के ग्रैंड फिनाले वीक की भव्य शुरुआत टॉप 40 फाइनलिस्ट मॉडल्स की सैश सेरेमनी के साथ हुई। फर्स्ट इंडिया एवं भारत 24 द्वारा प्रस्तुत और राजवेश एवं अनंता रिसोर्ट द्वारा पावर्ड इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन अनंत महल में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ किया गया।
राजस्थान के विभिन्न जिलों से चयनित फाइनलिस्ट का स्वागत एक आकर्षक और सुव्यवस्थित समारोह में किया गया। सभी प्रतिभागी एक समान सफेद परिधान में नजर आईं, जो एकता और अनुशासन का प्रतीक था। इस अवसर पर सभी मॉडल्स को औपचारिक रूप से सैश पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे ग्रैंड फिनाले वीक की आधिकारिक शुरुआत हुई।
आयोजक पवन टांक और कीर्ति टांक के अनुसार, कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके तहत कई ग्रूमिंग और ट्रेनिंग सेशन आयोजित किए गए, जिनमें रैंप वॉक, कम्युनिकेशन स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, बॉडी पोस्टर और स्टेज प्रेजेंस को बेहतर बनाने के लिए इंटरैक्टिव प्रश्न-उत्तर सत्र शामिल रहे। इन सत्रों का उद्देश्य प्रतिभागियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें पेशेवर मंच के लिए तैयार करना था।
आगामी दिनों के लिए भी प्रतिभागियों के लिए कई रोचक और उपयोगी गतिविधियों की योजना बनाई गई है। अगले दिन योग सत्र, स्किनकेयर एवं ग्रूमिंग वर्कशॉप आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही बहुप्रतीक्षित टैलेंट राउंड का आयोजन होगा, जिसमें सभी फाइनलिस्ट अपनी विशेष प्रतिभाओं का प्रदर्शन करेंगी और जजों के सामने अपनी क्षमता का परिचय देंगी।
इस प्रतियोगिता का भव्य ग्रैंड फिनाले 5 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा। फिनाले में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें तीन स्कूटी, विभिन्न हैम्पर और अन्य कई विशेष इनाम शामिल हैं। इसके अलावा, प्रतिभागियों को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि मिस ग्लैम राजस्थान एक पूरी तरह से निःशुल्क और सुरक्षित मंच है, जिसका उद्देश्य राज्य की युवतियों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि मॉडलिंग और फैशन के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक प्रतिभाओं को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर प्रदान किए जाएं।”
यह मंच महिला सशक्तिकरण के अपने विजन के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है और राजस्थान की उभरती प्रतिभाओं को एक सशक्त पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।