जयपुर ऑडिशन में छाए मिस्टर राजस्थान सीजन 5 के प्रतिभागी

2000+ रजिस्ट्रेशन और 200 प्रतिभागियों के साथ मिस्टर राजस्थान सीजन 5 2026 का जयपुर ऑडिशन सफलतापूर्वक संपन्न।

जयपुर ऑडिशन में छाए मिस्टर राजस्थान सीजन 5 के प्रतिभागी

जयपुर, राजस्थान। राजस्थान के सबसे प्रतिष्ठित पुरुष पेजेंट्स में शुमार मिस्टर राजस्थान सीजन-5 2026 के जयपुर मेगा ऑडिशन का आयोजन रविवार को अजमेर रोड स्थित डी’सुरा क्लब में भव्य रूप से किया गया। ए इन्फिनिटी टेकओवर्स फिल्म प्रोडक्शन हाउस द्वारा आयोजित इस ऑडिशन में प्रदेशभर से आए युवाओं ने अपने हुनर, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस वर्ष प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए 2000 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए, जबकि जयपुर में आयोजित मेगा ऑडिशन में लगभग 200 प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी रैंप वॉक, कम्युनिकेशन स्किल्स, ग्रूमिंग, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए जजों को प्रभावित किया। आयोजन के लिए निर्धारित ड्रेस कोड ब्लैक टी-शर्ट और जींस रखा गया था, जिससे प्रतिभागियों का मूल्यांकन समान आधार पर किया जा सके।

कार्यक्रम के आयोजक अनूप चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को फैशन, मॉडलिंग और मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पिछले चार सफल सीजनों की तरह इस बार भी युवाओं का शानदार समर्थन प्राप्त हो रहा है, जो प्रतियोगिता की लोकप्रियता को दर्शाता है।

ऑडिशन प्रक्रिया के दौरान प्रतिभागियों का मूल्यांकन अनुभवी जूरी सदस्यों द्वारा किया गया। जजिंग पैनल में करण राजपुरोहित, रघुवीर बिश्नोई, प्रीति सचदेवा तथा राहुल शर्मा शामिल रहे। जूरी ने प्रतिभागियों का विभिन्न मानकों पर परीक्षण करते हुए अगले चरण के लिए योग्य प्रतिभाओं का चयन किया।

आयोजकों ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के आगामी ऑडिशन चरण उदयपुर और जोधपुर में भी आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराना है। इन ऑडिशन के माध्यम से चुने गए प्रतिभागी सितंबर माह में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह बनाएंगे।

प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले राजधानी जयपुर स्थित The Trade International Hotel में आयोजित किया जाएगा। यहां प्रदेशभर से चयनित प्रतिभागी प्रतिष्ठित ‘मिस्टर राजस्थान’ के खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। फैशन, व्यक्तित्व विकास और मंचीय प्रदर्शन के विभिन्न चरणों से गुजरने के बाद विजेता का चयन किया जाएगा।

मिस्टर राजस्थान आज केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला मंच बन चुका है। इस मंच ने पिछले वर्षों में अनेक प्रतिभाओं को मॉडलिंग, फैशन और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यही कारण है कि सीजन-5 को लेकर युवाओं के बीच विशेष उत्साह और उत्सुकता देखने को मिल रही है।

राजस्थान के उभरते मॉडल्स और फैशन प्रेमियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर साबित हो रही है। जयपुर ऑडिशन की सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले चरणों और ग्रैंड फिनाले में प्रतिस्पर्धा और भी अधिक रोमांचक होने वाली है।