सृष्टि एजुकेशन ग्रुप का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित
राजधानी जयपुर में गुरुवार को रामनिवास बाग स्थित रविंद्र मंच में सृष्टि एजुकेशन ग्रुप के तत्वाधान में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रुप से जुड़े सभी विद्यालयों की सहभागिता रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्लोब कम्युनिकेशन के डायरेक्टर अरविंद बत्रा, स्टडी बेस के संस्थापक अनुज आहूजा एवं केसी बॉस रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सृष्टि एजुकेशन ग्रुप के फाउंडर डायरेक्टर अभिषेक जयपुरिया ने की। साथ ही प्रधानाचार्या अंकुर जयपुरिया की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
वार्षिकोत्सव के दौरान ग्रुप की विभिन्न संस्थाओं से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में अभिषेक जयपुरिया एवं अंकुर जयपुरिया द्वारा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें विद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।