रैंप पर छाए नन्हे सितारे: हेरिटेज किड्स फैशन शो सीजन-5 के ग्रैंड फिनाले में टैलेंट, फैशन और सामाजिक संदेशों का दिखा अनोखा संगम
जयपुर के जेकेके रंगायन सभागार में आयोजित हेरिटेज किड्स फैशन शो (HKFS) सीजन-5 के ग्रैंड फिनाले में नन्हे प्रतिभागियों ने फैशन, रैंप वॉक, डांस और आत्मविश्वास से ऐसा रंग जमाया कि दर्शक देर तक तालियां बजाते रहे। शो में मनोरंजन के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।
जयपुर। हेरिटेज किड्स फैशन शो (HKFS) सीजन-5 का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले शुक्रवार को जवाहर कला केंद्र (जेकेके) के रंगायन सभागार में रंगारंग अंदाज में आयोजित हुआ। 1 से 16 वर्ष आयु वर्ग के करीब 40 प्रतिभागियों ने फैशन, रैंप वॉक, डांस और प्रभावशाली स्टेज प्रेजेंस के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जवाहर कला केन्द्र के अतिरिक्त महानिदेशक गोपालराम बिरड़ा, मुख्य संरक्षक बसंत जैन, निर्मला जैन, मीनाक्षी सोलंकी, समाज सेवी दिनेश सैनी, अर्विक बैराठी, अर्चना बैराठी और विपिन बैराठी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
ग्रैंड फिनाले का सबसे बड़ा आकर्षण चाइल्ड स्टार अर्विक बैराठी की दमदार डांस प्रस्तुति रही। उन्होंने 'धूम मचा ले' और 'टन टना टन' जैसे लोकप्रिय गीतों पर शानदार परफॉर्मेंस देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं शो स्टॉपर नम्या तंवर ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रभावशाली स्पीच देकर सभी को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया।
आयोजक अर्चना बैराठी ने बताया कि प्रतियोगिता तीन राउंड में आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने केवल फैशन और रैंप वॉक ही नहीं, बल्कि अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण बचाओ, स्वच्छता अभियान और पेड़-पौधों के महत्व जैसे सामाजिक विषयों पर भी सशक्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य बच्चों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और रचनात्मक सोच को नई पहचान देना है।
कार्यक्रम में आयोजित मम्मी-किड्स राउंड भी आकर्षण का केंद्र रहा। मां और बच्चों की शानदार केमिस्ट्री, आत्मविश्वास और उत्साह ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों के जोश, रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों और सकारात्मक संदेशों ने यह साबित किया कि आज के नन्हे सितारे केवल फैशन तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने की सोच भी रखते हैं।