जयपुर में संपन्न हुए मिस अर्थ इंडिया 2026 के नेशनल ऑडिशन्स
मिस अर्थ इंडिया 2026 और मिस डिवाइन ब्यूटी 2026 के नेशनल ऑडिशन्स जयपुर में संपन्न, ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर को।
जयपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुए मिस अर्थ इंडिया 2026 और मिस डिवाइन ब्यूटी 2026 के नेशनल ऑडिशन्स
5 सितंबर को जयपुर में होगा भव्य ग्रैंड फिनाले, प्रतिष्ठित खिताबों के लिए आमने-सामने होंगी देशभर की टॉप फाइनलिस्ट्स
जयपुर। देश की प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट प्रतियोगिताओं मिस अर्थ इंडिया 2026 एवं मिस डिवाइन ब्यूटी 2026 के नेशनल ऑडिशन्स का सफल आयोजन जयपुर के अजमेर रोड स्थित द सूरा क्लब में एलीट प्रोडक्शन हाउस के सहयोग से किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आई प्रतिभागियों ने अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा, कम्युनिकेशन स्किल्स और मंचीय प्रस्तुति का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
आयोजक दीपक अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2000 से लगातार आयोजित हो रही मिस अर्थ इंडिया प्रतियोगिता का यह 26वां संस्करण है। पिछले 25 वर्षों में इस प्रतिष्ठित मंच ने देशभर की अनेक प्रतिभाशाली युवतियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि इसी नेशनल ऑडिशन के माध्यम से मिस अर्थ इंडिया 2026 और मिस डिवाइन ब्यूटी 2026 के ग्रैंड फिनाले के लिए फाइनलिस्ट्स का चयन किया गया।
ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों के लिए शॉर्ट्स एवं स्मार्ट टॉप का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था, जिससे निर्णायक मंडल उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, बॉडी लैंग्वेज, स्टेज प्रेजेंस और समग्र प्रस्तुति का निष्पक्ष मूल्यांकन कर सके।
दीपक अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देशभर की उभरती हुई प्रतिभाओं को एक ऐसा राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ वे अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जयपुर में आयोजित यह राष्ट्रीय ऑडिशन शहर की तेजी से विकसित होती फैशन एवं ब्यूटी इंडस्ट्री के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने जानकारी दी कि मिस अर्थ इंडिया 2026 और मिस डिवाइन ब्यूटी 2026 का भव्य ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर 2026 को जयपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित फाइनलिस्ट्स प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खिताबों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
नेशनल ऑडिशन्स के निर्णायक मंडल में मिस अर्थ इंडिया 2023 प्रियन सेन, इंटरनेशनल लग्जरी फैशन काउंसिल के एम्बेसडर साकेत मिश्रा तथा आदित्य कश्यप शामिल रहे। जूरी सदस्यों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, कम्युनिकेशन स्किल्स, मंचीय प्रस्तुति और ओवरऑल परफॉर्मेंस के आधार पर किया।
नेशनल ऑडिशन्स के सफल आयोजन के साथ अब सभी की निगाहें 5 सितंबर को जयपुर में होने वाले ग्रैंड फिनाले पर हैं, जहाँ देशभर से चयनित प्रतिभागी प्रतिष्ठित ताज अपने नाम करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।