साक्षी चौधरी बनीं क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 की विजेता

जयपुर में हुए क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 के ग्रैंड फिनाले में साक्षी चौधरी विजेता बनीं।

साक्षी चौधरी बनीं क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 की विजेता
साक्षी चौधरी बनीं क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 की विजेता

साक्षी चौधरी ने जीता क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 का खिताब, संजना ठाकुर फर्स्ट रनरअप

जयपुर। राजस्थान की फैशन और ग्लैमर प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के मंच की ओर आगे बढ़ाने वाले प्रतिष्ठित ब्यूटी एवं फैशन कॉन्टेस्ट “क्वीन ऑफ राजस्थान” सीजन-5 का ग्रैंड फिनाले बुधवार, 19 अगस्त 2026 को जयपुर के कूकस स्थित लोहागढ़ फोर्ट एंड रिजॉर्ट में भव्य अंदाज में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 28 फाइनलिस्ट मॉडल्स ने रैंप पर अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और फैशन स्टाइल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

ग्रैंड फिनाले में साक्षी चौधरी ने क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 का विनिंग टाइटल अपने नाम किया, जबकि संजना ठाकुर फर्स्ट रनरअप और तन्नू शर्मा सेकेंड रनरअप रहीं। प्रतियोगिता के दौरान मॉडल्स ने तीन आकर्षक डिजाइनर फैशन सीक्वेंस में हिस्सा लिया, जिनमें राजस्थान की पारंपरिक विरासत और आधुनिक फैशन का खूबसूरत मेल देखने को मिला।

शो डायरेक्टर मोनू वर्मा के अनुसार, क्वीन ऑफ राजस्थान का उद्देश्य प्रदेश की उभरती मॉडलिंग प्रतिभाओं को प्रोफेशनल फैशन और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सामने अपनी पहचान बनाने का अवसर देना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के जरिए फाइनलिस्ट और विजेता मॉडल्स को इंडस्ट्री के प्रोफेशनल्स के साथ काम करने और अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण एक्सपोजर मिलेगा।

ग्रैंड फिनाले के फैशन सीक्वेंस में दीपा भाटी की निवारा एकेडमी और योगेश शर्मा के पीआर क्रिएशन द्वारा तैयार किए गए कलेक्शंस प्रस्तुत किए गए। मॉडल्स का मेकओवर ऋचा शर्मा के ऑरा ग्लैम और उनकी टीम ने किया। वहीं फैशन कोरियोग्राफी शाद अख्तर और माही ने संभाली। उनकी कोरियोग्राफी में मॉडल्स ने रैंप पर ग्रेस, कॉन्फिडेंस और स्टेज प्रेजेंस का प्रदर्शन किया।

ग्रैंड फिनाले से पहले फाइनलिस्ट मॉडल्स के लिए पांच दिवसीय विशेष ग्रूमिंग सेशन भी आयोजित किया गया था। इसमें प्रतिभागियों को रैंप वॉक, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, आत्मविश्वास, स्टेज प्रेजेंस और फैशन शो से जुड़ी विभिन्न बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। इस ट्रेनिंग का उद्देश्य मॉडल्स को फिनाले के लिए प्रोफेशनली तैयार करना था।

प्रतियोगिता में मॉडल्स की प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और रैंप प्रेजेंस को परखने के लिए प्रीति सिंह और पारक्षित राज पुरोहित जूरी के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में गेस्ट के तौर पर प्रकाशित राज पुरोहित, अशोक बडगूजर, राजेंद्र बसवाला, संजय शर्मा और इमरान टांक शामिल हुए। वहीं लोहागढ़ फोर्ट एंड रिजॉर्ट के ऑनर भगत सिंह चीफ गेस्ट रहे। जयपुर डायरेक्टर विराट गविंद्रा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

फिनाले में विभिन्न विशेष टाइटल्स भी प्रदान किए गए। ज्योति जांगिड़ को क्वीन ऑफ जयपुर, डिंपल को बॉर्न टू शाइन, शिवानी मिश्रा को बेस्ट एटीट्यूड, इच्छा राजावत को बेस्ट स्टाइलिंग, सीमा चौधरी को बेस्ट कॉन्फिडेंस, किरण गोस्वामी को बेस्ट वॉक और प्रीति खंडेलवाल को क्राउन विथ कॉन्फिडेंस चुना गया।

क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 का यह आयोजन राजस्थान की फैशन प्रतिभाओं, डिजाइनर्स, मेकअप आर्टिस्ट्स और फैशन इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स को एक साझा मंच देने के साथ प्रदेश के ग्लैमर एवं मॉडलिंग टैलेंट को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।